
उत्तरकाशी – अक्षय तृतीय के पावन पर्व पर कल यानी शुक्रवार 14 मई को यमुनोत्री धाम के कपाट खोले जाएंगे। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष राजस्वरूप उनियाल एवं सचिव सुरेश उनियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे मां यमुना की उत्सव मूर्ति को डोली यात्रा के साथ खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना किया जाएगा।मां यमुना के भाई समेश्वर देवता (शनि महाराज) की डोली भी उन्हें विदा करने यमुनोत्री तक जाएगी। अभिजित मुहूर्त में दोपहर 12.15 बजे विशेष पूजा अर्चना और विधि विधान के साथ यमुनोत्री मंदिर के कपाट खोले जाएंगे।
जैसे कि देश सहित प्रेदश में कोरोना महामारी की दूसरी लहर जारी है , जिसको मद्देनजर कपाटोद्घाटन में पुजारी, तीर्थ पुरोहित एवं पलगीर समेत कुल 25 लोग शामिल हो सकेंगे। ध्यान देने वाली बात यह है कि मंदिर में प्रवेश करने वाले इन सभी लोगों की पहले कोरोना जांच कराई गई है।