सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज करेंगे चुनाव अभियान का आगाज

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रथयात्रा से बुधवार को चुनाव अभियान का आगाज करेंगे। वह लखनऊ से उन्नाव तक रथ लेकर जाएंगे। वहां ग्राम सरौसा स्थित मनोहर लाल इंटर कॉलेज में पूर्व मंत्री मनोहर लाल की मूर्ति अनावरण करेंगे।
जबकि लगभग एक महीने पहले बनाई गई योजना के तहत अखिलेश यादव मूर्ति अनावरण करने के बाद जनसभा को भी संबोधित करते। इसमें उन्नाव के अलावा हरदोई, कानपुर, रायबरेली सहित अन्य जिलों के लोगों के भी जुटने की संभावना थी। मगर इस बीच सोमवार को जिला प्रशासन ने कोविड प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए जनसभा की अनुमति देने से मना कर दिया। इसके बाद सपाइयों ने अपनी रणनीति बदल दी है। अब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लखनऊ से उन्नाव तक रथ लेकर जाएंगे। रथयात्रा के दौरान करीब डेढ़ सौ से ज्यादा स्थानों उनका स्वागत किया जाएगा। इसके जरिए चुनाव अभियान की शुरुआत होगी।
पार्टी के रणनीतिकारों का कहना है कि पहले चरण में महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं के साथ हुए अत्याचार और कोविड अव्यवस्था को मुद्दा बनाया जाएगा। रथयात्रा के दौरान इन मुद्दों को उठाया जाएगा और जनता से समर्थन मांगा जाएगा। साथ ही सपा सरकार में हुए कार्यों से जनता को वाकिफ कराया जाएगा। यह भी समझाया जाएगा कि भाजपा सरकार ने किस तरह से सपा शासनकाल में हुए कार्यों को अपनी उपलब्धि के रूप में भुना रही है। बुधवार की रथयात्रा के बाद गांव-गांव चलो अभियान शुरू होगा। इसमें अलग-अलग गांवों की जिम्मेदारी पार्टी नेताओं को सौंपी जाएगी।