कोरोना ब्लास्ट 449 नए संक्रमित मिले, नौ मरीजों की मौत, मृतकों की संख्या 1500 पार

देहरादून:उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों में कोरोना संक्रमण के मामले कम हुए हैं। बीते 24 घंटे के अंदर प्रदेश में 449 नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही अब कुल संक्रमितों की संख्या 90616 पहुंच गई है
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को 14634 सैंपलों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वहीं, देहरादून जिले में सबसे अधिक 157 और नैनीताल में 108 संक्रमित मिले हैं। उत्तरकाशी में 14, बागेश्वर में आठ, पिथौरागढ़ में 38, हरिद्वार में 38, पौड़ी में नौ, टिहरी में आठ, चंपावत में 11, ऊधमसिंह नगर में 22, अल्मोड़ा में 17, चमोली में 11, रुद्रप्रयाग आठ संक्रमित मरीज मिले हैं।
बुधवार को प्रदेश में नौ संक्रमित मरीजों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक 1504 संक्रमित मरीजों की मौत हो चुकी है। बुधवार को प्रदेश में 724 मरीजों को ठीक होने के बाद घर भेजा गया। इन्हें मिला कर अब तक 82967 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
मुख्यमंत्री की सेहत में तेजी से हो रहा सुधार
कोरोना संक्रमित मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक, उन्हें अस्पताल से जल्द ही डिस्चार्ज कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सोमवार से अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली में भर्ती हैं।
मुख्यमंत्री के फीजिशियन डॉ. एनएस बिष्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री की सभी जांचे सामान्य आई हैं। जिस तेजी से उनकी सेहत में सुधार आ रहा है, उन्हें एम्स से जल्द छुट्टी दे दी जाएगी। इधर, मुख्यमंत्री की अच्छी सेहत के लिए प्रार्थनाओं, अनुष्ठानों और दुआओं का सिलसिला जारी है। विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग उनकी सुंदर स्वास्थ्य की कामना के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने जाना अजय भट्ट की सेहत का हाल
सांसद अजय भट्ट भी कोरोना संक्रमित होने के बाद से एम्स नई दिल्ली में भर्ती हैं। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे एम्स पहुंचे और सांसद भट्ट से मिले। उन्होंने उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। विगत दिनों वरिष्ठ भाजपा नेता अश्विनी चौबे भी कोरोना संक्रमित हो गए थे।
नई टिहरी का बांडा गांव कंटेनमेंट जोन घोषित
कंडीसौड़ तहसील क्षेत्र के बांडा गांव में नौ लोग कोरोना संक्रमित मिलने से गांव को 14 दिन के लिए कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड बौराड़ी के ईई और एक जेई की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आने पर कार्यालय को सैनिटाइज किया गया।
विभाग में कार्यरत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के भी सैंपल लिए गए है। अब अगले 14 दिन तक गांव में सभी गतिविधयां बंद रहेगी। गांव में रसद और अन्य आवश्यक सामग्री की आपूर्ति करने की जिम्मेदारी राजस्व उप निरीक्षक को दी गई है।