बिहारीगढ़ से संचालित हो रहा बिहार का प्राइवेट बस अड्डा बंद, पुलिस ने दो बसें पकड़कर सीज की, मचा हड़कंप|

पुरषोत्तम शर्मा,बिहारीगढ़ (सहारनपुर):पिछले करीब चार माह से बिहारीगढ़ स्थित शेरपुर मे एक ढाबे से बिहार की सवारियां लाने ले जाने के लिए बाकायदा प्राइवेट बस अड्डा संचालित कर रखा था। इस बस अड्डे को संभागीय परिवहन विभाग का अप्रत्यक्ष रूप से संरक्षण प्राप्त था, ऐसी क्षेत्र में चर्चाएं जोरों पर है आज थाना पुलिस ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बड़ी कार्यवाही करते हुए 2 प्राइवेट यात्री बसें पकड़ कर एमवी एक्ट में सीज कर दी। पुलिस की इस कार्रवाई से बस अड्डा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में बिहार से हजारों लोग दिहाड़ी मजदूरी करने आते-जाते रहते हैं देहरादून से बिहार तक सीधी सुविधा पहुंचाने के लिए एक बस संचालक गिरोह ने बाकायदा सहारनपुर-देहरादून नेशनल हाईवे पर बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के शेरपुर में एक ढाबे को प्राइवेट बस अड्डा बना कर यहां से बिहार के लोगों को प्राइवेट बस सुविधा उपलब्ध करानी शुरू कर रखी थी। क्षेत्र में चर्चा है कि संभागीय परिवहन विभाग की मिलीभगत से यह धंधा कई माह से बादस्तूर चल रहा था।
इस मामले में स्थानीय पत्रकारो ने संभागीय परिवहन विभाग सहारनपुर के अधिकारियों से सीधे संपर्क कर जानकारी मांगी तो एआरटीओ आरपी मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई करने की बजाय एक प्रतिष्ठित अखबार के संवाददाता को ही इस्तेमाल करने का प्रयास किया, खबर प्रकाशित होते ही पुलिस महकमे में इस मामले को लेकर चर्चा ने इतना जोर पकड़ा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर बिहारीगढ़ थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने आज दो प्राइवेट बसें शेरपुर स्थित ढाबे से पकड़कर थाने लाने के बाद एमवी एक्ट मे सीज कर दी। पुलिस की इस कार्रवाई से बस अड्डा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।